मुख्यमंत्री सुक्खू ने पत्नी संग जाखू मंदिर में की पूजा, किया 108 फुट ऊंचे ध्वज का स्थापना समारोह
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला के ऐतिहासिक जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन किए और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विशेष पूजा-अर्चना की। इस धार्मिक अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी और देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर भी मौजूद थीं।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धा भाव से भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा के समक्ष नतमस्तक होकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में 108 फुट ऊंचा विशाल ध्वज स्थापित किया, जो अब जाखू मंदिर की धार्मिक गरिमा और आस्था में नया आयाम जोड़ता है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि जाखू मंदिर उनके लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने मंदिर समिति और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं में हो रहे सुधार कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, नगर निगम शिमला के अधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।