मंडी-5 जुलाई: जिले में बीते 24 घंटे के भीतर भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 176 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है, जबकि 278 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं। बिजली आपूर्ति भी व्यापक स्तर पर प्रभावित हुई है, जहां 290 ट्रांसफॉर्मर (DTRs) ठप हो चुके हैं।
जिला प्रशासन की सुबह 9:00 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र सेराज डिवीजन रहा जहां 85 सड़कें बंद पाई गईं। इसके अलावा थलौट में 36, धर्मपुर में 27, मंडी-II में 10, करसोग में 6, गोहर में 5, पधर में 4, सरकाघाट में 2 और जोगिंदरनगर में 1 मार्ग बंद हुआ है।
बिजली व्यवस्था पर भी आपदा का असर गहरा पड़ा है। सबसे अधिक 206 ट्रांसफॉर्मर गोहर क्षेत्र में बंद पड़े हैं। इसके अलावा करसोग में 65, जोगिंदरनगर में 14, थलौट में 4 और मंडी शहर में 1 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित है।
जल आपूर्ति की बात करें तो सुंदरनगर में 267 योजनाएं ठप हैं, जबकि धर्मपुर में 11 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।