चंडीगढ़ न्यूज़-30 जुलाई: नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान: आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि में तीन गुना बढ़ोतरी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की घोषणा की है।
इस घोषणा के अनुसार, आशा कार्यकर्ताओं को अब ₹1,000 की जगह ₹3,000 प्रति माह मिलेंगे। वहीं ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव ₹300 की जगह ₹600 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह निर्णय मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से साझा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर 2005 से ही उनकी सरकार का फोकस स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने पर रहा है। उन्होंने आशा और ममता वर्कर्स के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह वृद्धि उनके समर्पण और मेहनत का सम्मान है।
सरकार को उम्मीद है कि इस फैसले से इन जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल और कार्यक्षमता दोनों बढ़ेगी, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।