चंडीगढ़ न्यूज़-16 जुलाई: बोकारो में पुलिस-नक्सली मुठभेड़: दो नक्सली ढेर, कोबरा 209 बटालियन का एक जवान घायल
झारखंड के बोकारो जिले के बिरहोरडेहरा जंगल इलाके में बुधवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम इलाके में नक्सल विरोधी अभियान चला रही थी। इसी दौरान घात लगाए भाकपा माओवादी नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया। दोनों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए हैं।
इस मुठभेड़ में कोबरा-209 बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ लुगू पहाड़ क्षेत्र में हुई, जो पहले भी कई नक्सली घटनाओं का गढ़ रहा है। अप्रैल 2025 में इसी क्षेत्र में एक करोड़ के इनामी समेत आठ नक्सली मारे गए थे।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान नक्सलियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसका सुरक्षाबलों ने सख्त जवाब दिया। मुठभेड़ के बाद से पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।